Tuesday 6 December 2011

बूँद !

मैं एक बूँद !
समय की प्रवहमान नदी में
जीवन पथ पर
बहती जाती
बहती जाती
खुश हो निर्झर सा गाती
चट्टानों से टकराती
टूटती
फिर जुड़ जाती
कभी भंवर में फंसती
उबरती....समतल पर शांत हो जातो
जीवन पथ पर
बहती जाती
बहती जाती
अनंत महासागर में विलीन होने को.....

बूँद !

मैं एक बूँद !
समय के प्रवाहमान नदी में
बहती जाती
बहती जाती
जीवन पथ पर......
खुश हो निर्झर सी गाती
चट्टानों से टकराती 
टूटती 
फिर जुड़ जाती
कभी भंवर में फंसती
उबरती....
समतल पर शांत हो जाती
बहती जाती बहती जाती
जीवन पथ पर
अनंत महासागर में 
विलीन होने को!!!

Friday 4 November 2011

शांति की तलाश

हर नवीन  दिवस के प्रारंभ में
सूरज की पहली किरण फूटते पर
कुछ देर  के लिए
डूबना चाहती  हूँ अंतरतम में 
और सुनना चाहती हूँ 
मौन की झंकार!
किन्तु तभी 
घंटियों की मधुर ध्वनि गुम हो जाती है 
शुरू होजाता है 
ऊंची आवाज में 
लाउड़ स्पीकरों   का शोर........
अलग अलग मंदिरों में 
अलग अलग भगवानो की 
लगती है पुकार
सुबह सुबह कोई सुने न सुने 
कहीं प्रवचन देता है कोई स्व  घोषित 
धर्म का पहरेदार!
 किसी मस्जिद में लगती है
अल्ला हो अकबर की गुहार!
इन सबके बीच
मैं वंचित रह जाती हूँ 
सुनने से 
अस्तित्व की पुकार!


Wednesday 2 November 2011

क्षण

चिंता भविष्य की
अतीत का गम?
अरे पगले होता हर क्षण ही
 हमारा पुनर्जन्म!
ये क्षण!
 जी रहे हैं जिसमे हम सब
क्या न था कल भविष्य?
या न होगा कल अतीत?
संवरने से इस क्षण के ही
संवारेगा य्ढ़ जन्म
तो क्यूँ न जीने की इस क्षण
में ही
कोशिश करें हम?


Monday 31 October 2011

सपने


बार बार बनाती  हूँ 
सपनो के महल 
मैं बालू की भीत पर!
यथार्थ की लहरें उद्दाम
टकराती हैं बार बार 
ढह  जाता है महल
लहराता है 
आंसुओं का खारा समंदर
क्षितिज पर डूब रहे हैं सपने
फिर से निकलने के लिए...........

Sunday 30 October 2011

एक फूल की चाह


कभी भी चाह नहीं थी मेरी
देवों के सिर चढ़ने की 
सुरबाला के गहनों में गुंथने की
 सिर्फ एक प्रार्थना की थी बनमाली से
उस पथ पर फेंकने की -
जिस पर जाते हैं अनेक वीर
मातृभूमि पर नवाने शीश !
पर हाय री  किस्मत!
आज क्या हो गया है मेरा हाल-
रोज बिंधता हूँ 
उन मालाओं और गुलदस्तों में 
जिनसे अभिनन्दन होता 
भ्रष्ट नेताओं और अफसरों का
जो मातृभूमि पर शीश नवाने वालों का
काटते हैं शीश!
और
तरह तरह  के घोटालों से
होते मालामाल!  
 

Saturday 29 October 2011

सम्पदा

स्वर्णाभ सूर्य
चांदी सा चन्द्रमा
हीरे से चमकते तारे 
बंद कर लो 
अपनी ह्रदय मंजूषा में 
जिस पर जरूरत नहीं 
किसी ताले की
न चोरी का भय 
महसूस करो 
आनंद लो जी भर
ग्रीष्म का उत्ताप 
वर्षा की रिमझिम फुहार 
शीत ऋतु की ठंडी बयार 
बच्चों की किलकारियां 
अपनों का प्यार 
पृथ्वी यान पर बैठ कर 
मुफ्त में 
परिक्रमा करो सूरज की
अंतरिक्ष में डोलो
कभी तो हृदय की तराजू  पर 
अपनी सम्पदा को तोलों  

 

प्लानेतारियम


प्लानेतारियम  के 
एक कमरे भर के आकाश में
थल भर के सूरज के 
चारों तरफ घूमती
प्लेट के बराबर पृथ्वी
और उसके भी 
चरों तरफ घूमता
कटोरी के बराबर चन्द्रमा.........

ब्रह्मांड और समय के
 अनंत विस्तार में 
अपने अस्तित्व को ढूंढती मैं!
कहाँ हूँ मैं ?
और कहाँ हैं मेरी समस्याएं?
जिनके लिए मैंने आकाश 
सर पे उठा रखा है?

आत्म दीप

काली अंधियारी रात 
भयंकर झंझावात
वर्षा घनघोर ,प्रलयंकर
पूछती हूँ प्रश्न 
मैं घबराकर
है छुपा कहाँ आशा दिनकर
मन ही कहता 
क्यूँ भटके तू इधर उधर 
खुद तुझसे ही है आश किरण
तुझ जैसे होंगे कई भयभीत कातर
कर प्रज्वलित  पथ 
स्वयं ही दीप बन !